शिवपुरी नेशनल हाईवे-46 पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात ट्रक ने ईको कार को मारी टक्कर; 6 घायल, 3 गंभीर

लुकवासा चौकी के देहरदा सड़क पर रविवार देर रात 11:30 बजे हुआ हादसा, म्याना में शादी समारोह से लौट रहे थे सभी पीड़ित, मेडिकल कॉलेज रेफर
शिवपुरी/कोलारस। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 NH-46 पर रविवार की देर रात एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र अंतर्गत देहरदा सड़क पर करीब 11:30 बजे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग शिवपुरी जिले के खोड़ गांव के निवासी हैं। यह सभी लोग गुना के म्याना में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार देर रात करीब सात लोग ईको कार MP67ZE3413 में सवार होकर गुना से वापस शिवपुरी लौट रहे थे। इसी दौरान देहरदा सड़क के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

पार्सल कूरियर के ट्रक ने मारी टक्कर, मची चीख-पुकार
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन एक पार्सल कूरियर से भरा ट्रक था, जो सूरत से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस तुरंत हरकत में आई और हाईवे एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कोलारस पहुंचाया।
ये हुए घायल, तीन मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान खोड़ निवासी विमल आदिवासी (30), अरशान खान (11), जमेदा (52), सफी खान (65), रानो खान (60) और सवाना खान (45) के रूप में हुई है। कोलारस अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद तीन मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
लुकवासा चौकी पुलिस के अनुसार, घटना के बाद अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
